“ यतो धर्मस्ततो जयः!!”

HEALTHSPANDAN

"healthThat Moves You Forward"

Uncategorized

गांधी जी की पुण्यतिथि पर स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान के अंतर्गत सामूहिक संकल्प हरिनगर

गांधी जी की पुण्यतिथि पर स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान के अंतर्गत सामूहिक संकल्प हरिनगर। स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिनगर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच श्री कमलेश डामर ने की। इस अवसर पर ANM श्रीमती जेला कटारा, आशा कार्यकर्ता श्रीमती पपिता निनामा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनीता भटेरा, पंचायत सचिव श्री मांगीलाल कटारा, रोजगार सहायक श्रीमती सोनल परमार एवं आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. पल्लव घोति की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में महात्मा गांधी जी के विचारों को स्मरण करते हुए समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त कर समरस, संवेदनशील एवं समावेशी समाज की स्थापना का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि कुष्ठ रोग आज पूर्णतः उपचार योग्य है, परंतु जानकारी के अभाव में समाज में अब भी भ्रांतियाँ और भेदभाव बना हुआ है, जिसे समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान कुष्ठ रोगियों के प्रति समाज में फैली गलत धारणाओं को दूर करने, उनके साथ सहज एवं सामान्य व्यवहार अपनाने तथा किसी भी प्रकार के भेदभावपूर्ण व्यवहार को अस्वीकार करने का संदेश दिया गया। शासन के निर्देशानुसार “संकल्प से समाधान” कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित जनसमुदाय को कुष्ठ रोग उन्मूलन एवं सामाजिक समानता हेतु सामूहिक संकल्प दिलाया गया। सरपंच श्री कमलेश डामर ने अपने संबोधन में कहा कि “कुष्ठ रोग से पीड़ित व्यक्ति भी समाज का समान अधिकारों वाला नागरिक है, उनके साथ भेदभाव करना मानवता के मूल्यों के विरुद्ध है।” ANM श्रीमती जेला कटारा ने कुष्ठ रोग की पहचान, समय पर उपचार एवं रोकथाम की जानकारी देते हुए जागरूकता को सबसे प्रभावी उपाय बताया। वहीं आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. पल्लव घोति ने लोगों को जीवन को रोगमुक्त बनाए रखने हेतु सम्यक आहार-विहार एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित भोजन, दिनचर्या और प्राकृतिक उपचार अपनाकर अनेक रोगों से बचाव संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी समुदाय को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच विकसित कर कुष्ठ रोग के प्रति भय एवं भेदभाव को जड़ से समाप्त करना रहा।

स्पर्श कुष्ठ रोग जागरुकता अभियान

ग्राम पंचायत हरिनगर

संकल्प

Verified by MonsterInsights