💚 Health & Wellness Information for Everyday Life
Healthy Habits • Smart Choices • Better Living

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान हेतु प्रशिक्षण सम्पन्न, जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय से सहयोग का आह्वान

राष्ट्रीय पल्स पोलिया अभियान

काकनवानी, 25 जून 2026″एक भी बच्चा छूटे नहीं, पोलियो की खुराक से वंचित न रहे” के दृढ़ संकल्प के साथ सेक्टर काकनवानी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। आगामी 28, 29 एवं 30 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आज टीकाकरण दलों, पर्यवेक्षकों एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, एवं स्वास्थ्य कर्मचारी, रूट सुपरवाइजर एवं पर्यवेक्षक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रशिक्षण आरबीएसके चिकित्सक डॉ. शैलेश बारिया, एलएचवी श्रीमती जानी कटारा, कोल्ड चेन हैंडलर श्री सगन परमार तथा प्रभारी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक श्री प्रवीण धमानिया द्वारा प्रदान किया गया।प्रशिक्षण के दौरान पोलियो अभियान के प्रत्येक पहलू पर विस्तार से चर्चा की गई। बूथ प्रबंधन, शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) व्यवस्था, वैक्सीन की गुणवत्ता, घर-घर सर्वेक्षण, हाउस मार्किंग, माइक्रोप्लान, रिपोर्टिंग, छूटे हुए बच्चों की पहचान तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही पोलियो उन्मूलन के ऐतिहासिक सफर, शासन की प्रतिबद्धता, वैज्ञानिक प्रयासों एवं जनसहभागिता की भूमिका को भी रेखांकित किया गया। बैठक में नियमित टीकाकरण, मीजल्स-रूबेला तथा एएफपी रिपोर्टिंग के महत्व पर भी विशेष चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने कहा कि पोलियो उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्य नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।जनआंदोलन का रूप लेगा अभियानप्रशिक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। प्रत्येक पोलियो बूथ के उद्घाटन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पटेल, तड़वी, कोटवार, समाजसेवियों,एवं गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि अभियान का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।स्वास्थ्य विभाग ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में परिवारों को प्रेरित करें तथा बूथ स्तर पर अधिकाधिक बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। अभियान के प्रथम दिवस को उत्सवमय वातावरण में आयोजित करते हुए अधिकतम लाभार्थियों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।”दो बूंद जिंदगी की” – हर बच्चे तक पहुंचेकार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सेक्टर मेडिकल ऑफिसर डॉ. सोबान बबेरिया ने कहा कि भारत ने वर्षों के अथक प्रयासों से पोलियो मुक्त राष्ट्र का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर जागरूकता, सतर्कता और सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया।स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाकर उसके स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।

Author: Kalpdhara

We may earn a commission if you purchase through our affiliate link, at no extra cost to you.